कल्पना कीजिए कि आपको कोई सामान खरीदना है, लेकिन उसके लिए अलग-अलग वेबसाइट खोलने, कीमतों की तुलना करने, सामान कार्ट में डालने और भुगतान करने की जरूरत ही न पड़े। आप सिर्फ अपनी पसंद, बजट और जरूरत बताएं और आपका एआई सहायक पूरी खरीदारी की जिम्मेदारी संभाल ले। सुनने में यह किसी भविष्य की तकनीक जैसा लगता है, लेकिन अब यह हकीकत बनता जा रहा है। ऑनलाइन शॉपिंग की दुनिया में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी एआई एक बड़ा बदलाव लाने की तैयारी में है। अब एआई केवल सामान खोजने और जानकारी देने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि खरीदारी की पूरी प्रक्रिया में आपकी मदद कर सकेगा।
इस दिशा में ओपनएआई, गूगल और अमेजन जैसी बड़ी कंपनियां एआई एजेंट्स पर काम कर रही हैं। ये एआई एजेंट यूजर की जरूरत और बजट को समझकर सही सामान खोज सकते हैं, उसकी कीमत की तुलना कर सकते हैं और कुछ सेवाओं में कार्ट से लेकर भुगतान तथा ऑर्डर करने तक का काम भी संभाल सकते हैं। हालांकि, खरीदारी से जुड़ी अंतिम अनुमति और खर्च की सीमा तय करने का विकल्प यूजर के नियंत्रण में रह सकता है।
सबसे पहले बात करते हैं चैटजीपीटी की। ओपनएआई अपने एआई प्लेटफॉर्म को खरीदारी के लिए ज्यादा उपयोगी बनाने की दिशा में काम कर रहा है। चैटजीपीटी के माध्यम से यूजर अपनी जरूरत के अनुसार अलग-अलग उत्पादों की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं और उपलब्ध विकल्पों की तुलना कर सकते हैं। अमेरिका में कुछ सुविधाओं के जरिए खरीदारी की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं, भारत में भी चैटजीपीटी पर ऑनलाइन स्टोर से जुड़े उत्पादों को खोजने की सुविधा मिल रही है।
भारत में चैटजीपीटी का एक आकर्षक फीचर कपड़ों और अन्य पहनने योग्य वस्तुओं की खरीदारी से जुड़ा है। इसमें यूजर अपनी तस्वीर अपलोड करके यह देख सकते हैं कि कोई कपड़ा या एक्सेसरी उन पर कैसी दिखाई दे सकती है। इसे वर्चुअल ट्राई ऑन की सुविधा कहा जाता है। यानी अब किसी उत्पाद को खरीदने से पहले उसकी तस्वीर में अपने ऊपर उसका अंदाजा लगाया जा सकता है। इससे ऑनलाइन कपड़ों की खरीदारी करने वालों को काफी मदद मिल सकती है।
अब बात करते हैं गूगल के एआई प्लेटफॉर्म जेमिनी की। जेमिनी भी ऑनलाइन खरीदारी को आसान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। इसके टास्क आधारित फीचर में यूजर अपनी जरूरत, पसंद और शर्तें बता सकते हैं। इसके बाद एआई उत्पादों की तलाश करने, विकल्पों को समझने और खरीदारी की प्रक्रिया में मदद कर सकता है। अमेरिका में कुछ सुविधाओं के जरिए गूगल पे में सेव किए गए वीजा और मास्टरकार्ड का इस्तेमाल करके भुगतान करने की व्यवस्था भी उपलब्ध कराई गई है। यूजर भुगतान से पहले अपनी अनुमति देने और खर्च की सीमा निर्धारित करने जैसे विकल्प चुन सकते हैं।
हालांकि, भारत में जेमिनी के माध्यम से सामान खोजने और खरीदारी की प्रक्रिया के कुछ चरणों में सहायता मिल सकती है, लेकिन भुगतान के लिए यूजर को खुद आगे आना पड़ता है। यानी अभी भारत में एआई पूरी तरह से आपकी जगह भुगतान करके खरीदारी पूरी नहीं कर सकता।
अब आते हैं अमेजन पर, जहां एआई आधारित ऑटो-बाय सुविधा खरीदारी के तरीके को बदल सकती है। इस सुविधा में यूजर किसी उत्पाद की मनचाही कीमत या जरूरी छूट निर्धारित कर सकते हैं। इसके बाद एआई उस उत्पाद की कीमत पर नजर रखता है। जैसे ही सामान की कीमत यूजर की तय सीमा तक पहुंचती है, ऑटो-बाय सुविधा के जरिए ऑर्डर करने की प्रक्रिया शुरू हो सकती है। अमेरिका में उपलब्ध व्यवस्था के तहत सेव किए गए कार्ड से भुगतान की सुविधा भी दी गई है। इस तरह यूजर को बार-बार वेबसाइट खोलकर कीमत जांचने की जरूरत नहीं पड़ती। दी गई जानकारी के मुताबिक, किसी उत्पाद के लिए ऑटो-बाय ट्रैकर छह महीने तक सक्रिय रह सकता है।
भारत में भी अमेजन पर उत्पादों की कीमत ट्रैक करने और सामान को कार्ट में जोड़ने जैसी सुविधाएं मिल सकती हैं, लेकिन यहां भुगतान की प्रक्रिया अभी यूजर को खुद पूरी करनी पड़ती है।
इस पूरी तकनीक में भारत के लिए सबसे अहम पहलू यूपीआई आधारित एआई भुगतान है। देश में डिजिटल भुगतान का सबसे बड़ा माध्यम यूपीआई बन चुका है। ऐसे में यदि एआई एजेंट्स को सुरक्षित तरीके से यूपीआई भुगतान की सुविधा मिलती है, तो ऑनलाइन खरीदारी का अनुभव पूरी तरह बदल सकता है। फिलहाल भारत में एआई के जरिए भुगतान को सक्षम बनाने के लिए परीक्षण किए जा रहे हैं। हालांकि, इसके व्यापक इस्तेमाल से पहले सुरक्षा, यूजर की अनुमति और भुगतान पर नियंत्रण जैसे पहलुओं को मजबूत करना जरूरी होगा।
कुल मिलाकर, ऑनलाइन शॉपिंग अब एक नए दौर में प्रवेश कर रही है। आने वाले समय में आपको सिर्फ अपनी जरूरत और बजट बताना होगा और एआई आपके लिए सही उत्पाद खोजने से लेकर ऑर्डर करने तक की जिम्मेदारी संभाल सकता है। लेकिन सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या लोग अपनी खरीदारी और पैसों से जुड़े फैसले पूरी तरह एआई के भरोसे छोड़ पाएंगे? तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है, मगर इसकी सफलता इस बात पर निर्भर करेगी कि यह कितनी सुरक्षित, भरोसेमंद और यूजर के नियंत्रण में रहती है।


