महाराष्ट्र के नागपुर में हुई 3 करोड़ 74 लाख रुपये की बड़ी लूट के मामले में पुलिस को अहम सफलता मिली है। इस वारदात में लूटी गई नकदी का सुराग मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले तक पहुंच गया है। नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने बालाघाट के डोरली गांव में छापेमारी कर खेत में छिपाकर रखी गई नकदी से भरी तीन बोरियां बरामद की हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, इन बोरियों में लूट की 3 करोड़ 74 लाख रुपये से अधिक की रकम रखी गई थी।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह नागपुर क्राइम ब्रांच की टीम इस मामले के आरोपी शुभम को अपने साथ लेकर बालाघाट जिले के डोरली गांव पहुंची थी। पुलिस को आरोपी से पूछताछ के दौरान नकदी छिपाने की जगह के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली थी। इसके बाद पुलिस आरोपी को लेकर सीधे उस खेत में पहुंची, जहां लूट की रकम छिपाकर रखी गई थी।
बताया जा रहा है कि आरोपी शुभम ने करीब चार दिन पहले लूट की रकम को तीन अलग-अलग बोरियों में भरकर खेत में छिपा दिया था। इसके लिए उसने अपने जीजा अरविंद डहरवाल के खेत का इस्तेमाल किया। नकदी को किसी की नजर में आने से बचाने के लिए पैरे के ढेर के नीचे दबाकर रखा गया था। बाहर से देखने पर यह सामान्य खेत में रखे पैरे का ढेर लग रहा था, लेकिन उसके नीचे करोड़ों रुपये की नकदी छिपाई गई थी।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी शुभम की निशानदेही पर जब खेत में तलाशी अभियान चलाया गया, तो पैरे के नीचे से तीनों बोरियां बरामद हो गईं। बताया जा रहा है कि अरविंद डहरवाल ने भी खेत में रकम छिपाने के लिए जगह उपलब्ध कराने में सहयोग किया था। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि लूट की रकम को ठिकाने लगाने में और कौन-कौन लोग शामिल थे।
गौरतलब है कि नागपुर में हथियारबंद बदमाशों ने 3 करोड़ 74 लाख रुपये की बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से ही पुलिस आरोपियों की तलाश और लूटी गई रकम की बरामदगी में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को बालाघाट में नकदी छिपाए जाने का सुराग मिला, जिसके बाद क्राइम ब्रांच की टीम मध्य प्रदेश पहुंची।
फिलहाल तीन बोरियों की बरामदगी को इस मामले की जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अब बरामद नकदी की आधिकारिक गिनती, आरोपियों की भूमिका और लूट की पूरी साजिश की कड़ियों को जोड़ने में जुटी है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस वारदात में कितने लोग शामिल थे और लूट की बाकी रकम को कहीं दूसरी जगह तो नहीं छिपाया गया है।


