चीन में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शिखर सम्मेलन के दौरान जापान की प्रधानमंत्री के साथ हुए एक घटनाक्रम ने दुनिया भर में चर्चा छेड़ दी है। मामला विमान से उतरने के लिए लगाई गई सीढ़ियों का है। जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची को विमान से नीचे उतरते समय काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटना का वीडियो सामने आने के बाद चीन के कूटनीतिक व्यवहार पर सवाल उठने लगे हैं। सवाल यह भी है कि क्या यह महज एक लापरवाही थी या फिर इसके पीछे कोई कूटनीतिक संदेश छिपा था?
दरअसल, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची एपेक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने चीन पहुंची थीं। लेकिन उनके विमान से उतरने का दृश्य चर्चा का विषय बन गया। सामने आए वीडियो में विमान के दरवाजे और नीचे लगाई गई सीढ़ियों के बीच काफी अंतर दिखाई देता है। इस वजह से प्रधानमंत्री को नीचे उतरने के लिए काफी सावधानी बरतनी पड़ी और उन्हें विमान के दरवाजे का सहारा लेना पड़ा।
इस घटना को लेकर इसलिए भी सवाल उठे, क्योंकि जापान की प्रधानमंत्री को घुटने से जुड़ी समस्या होने की बात सामने आई है। ऐसे में विमान और सीढ़ियों के बीच इतना अंतर होना उनके लिए परेशानी और सुरक्षा का विषय बन गया। जापान के राजनीतिक गलियारों में भी इस व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई गई। कुछ नेताओं ने सवाल उठाया कि किसी भी मेजबान देश की जिम्मेदारी होती है कि वह अतिथि राष्ट्राध्यक्ष की सुरक्षा और सुविधा का पूरा ध्यान रखे।
मामला केवल सीढ़ियों तक सीमित नहीं रहा। चीन में अन्य वैश्विक नेताओं के स्वागत और जापान की प्रधानमंत्री के स्वागत के तरीकों की तुलना भी होने लगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के स्वागत में लाल कालीन, सैनिकों की कतार और विशेष आयोजन देखने को मिले। वहीं दूसरे बड़े नेताओं के स्वागत में भी विशेष व्यवस्थाएं की गईं। इसके मुकाबले जापान की प्रधानमंत्री के स्वागत की व्यवस्था अपेक्षाकृत सीमित दिखाई दी। इसी अंतर ने विवाद को और हवा दे दी।
इस घटनाक्रम ने जापान और चीन के बीच पहले से चल रहे तनाव को भी चर्चा में ला दिया है। दोनों देशों के संबंधों में खटास की एक बड़ी वजह ताइवान को लेकर जापानी प्रधानमंत्री की टिप्पणियां रही हैं। ताकाइची ने ताइवान से जुड़े संभावित संकट की स्थिति में जापान की भूमिका को लेकर बयान दिया था, जिस पर चीन ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की थी। चीन ताइवान को अपना हिस्सा मानता है और इस मुद्दे पर किसी दूसरे देश की दखलंदाजी का विरोध करता है।
हालांकि, विमान की सीढ़ियों को जानबूझकर इस तरह लगाने और जापानी प्रधानमंत्री का अपमान करने के आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जापान सरकार की ओर से कहा गया कि मौके पर मौजूद अधिकारियों को सीढ़ियों और विमान के दरवाजे के बीच अंतर की जानकारी थी और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जरूरी कदम उठाए गए थे। सरकार ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित तरीके से विमान से उतर गई थीं।
दूसरी ओर, चीन ने अपनी व्यवस्था का बचाव करते हुए कहा कि सम्मेलन में शामिल सभी नेताओं के लिए उचित प्रोटोकॉल के अनुसार इंतजाम किए गए थे। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि सीढ़ियों की व्यवस्था किसी जानबूझकर की गई कार्रवाई का हिस्सा थी या फिर यह सामान्य प्रशासनिक चूक थी।
इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में स्वागत और मेजबानी की व्यवस्थाएं कितनी अहम होती हैं। किसी देश के प्रधानमंत्री या राष्ट्रपति का स्वागत केवल औपचारिकता नहीं होता, बल्कि उससे दोनों देशों के आपसी संबंधों और सम्मान का संदेश भी जाता है।
फिलहाल विमान की सीढ़ियों को लेकर विवाद जारी है। जापान में इसे असहज और अपमानजनक व्यवहार के रूप में देखा जा रहा है, जबकि चीन ने अपनी व्यवस्थाओं को उचित बताया है। लेकिन इतना तय है कि इस घटना ने चीन और जापान के बीच पहले से मौजूद कूटनीतिक तनाव को एक बार फिर दुनिया के सामने ला दिया है।


