Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

भाई दूज पर भाई को खिलाएं शाही केसर खीर, दूध और ड्राई फ्रूट्स से बनेगी ऐसी मिठास कि हर कोई मांगेंगे दोबारा!

भाई दूज का त्योहार भाई-बहन के प्यार और अपनापन का प्रतीक है। इस दिन बहनें अपने भाइयों को तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाल जीवन की कामना करती हैं। त्योहार के इस खास मौके पर मिठाइयों का भी अपना अलग महत्व होता है। लेकिन अगर दिवाली की ढेर सारी मिठाइयां खाने के बाद आपका कुछ अलग और स्वादिष्ट खाने का मन कर रहा है, तो इस बार बाजार की मिठाई के बजाय घर पर ही अपने भाई के लिए शाही केसर खीर तैयार कर सकती हैं। दूध, चावल, केसर और तरह-तरह के सूखे मेवों से बनने वाली यह खीर स्वाद में बेहद लाजवाब होती है। इसकी खुशबू और मलाईदार बनावट इसे खास बना देती है।

केसर खीर की सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने के लिए बहुत ज्यादा मेहनत या किसी खास सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। घर में मौजूद दूध, चावल, चीनी और सूखे मेवों की मदद से इसे आसानी से तैयार किया जा सकता है। इसमें कंडेंस्ड मिल्क मिलाने से खीर का स्वाद और भी मलाईदार हो जाता है। वहीं केसर और इलायची इसकी खुशबू को खास बना देते हैं।

केसर खीर बनाने के लिए जरूरी सामग्री

शाही केसर खीर तैयार करने के लिए आपको तीन कप फुल क्रीम दूध, एक चौथाई कप चावल, एक चौथाई कप चीनी या स्वादानुसार, आधा कप कंडेंस्ड मिल्क और आधा छोटा चम्मच केसर की जरूरत होगी। इसके अलावा 10 से 15 बादाम, 10 से 15 काजू, 10 से 15 पिस्ता, दो बड़े चम्मच किशमिश और इच्छानुसार चिरौंजी लें। स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए चार हरी इलायची और आधा छोटा चम्मच जायफल पाउडर भी रख लें। केसर को भिगोने के लिए थोड़ा गुनगुना दूध अलग से लेना होगा।

इस तरह करें केसर खीर बनाने की शुरुआत

सबसे पहले चावल को अच्छी तरह साफ करके दो से तीन बार पानी से धो लें। इसके बाद चावल को लगभग एक घंटे के लिए पानी में भिगोकर रख दें। ऐसा करने से चावल अच्छी तरह फूल जाते हैं और पकाने में भी कम समय लगता है। एक घंटे बाद चावल को पानी सहित पकने के लिए रख दें। जब चावल पूरी तरह नरम हो जाएं और उनका पानी सूख जाए, तो उन्हें अलग रख दें।

अब एक भारी तले वाला बर्तन लें और उसमें तीन कप फुल क्रीम दूध डालकर गर्म करें। दूध में उबाल आने लगे तो गैस की आंच धीमी कर दें। इसके बाद पहले से पकाए हुए चावल दूध में डालकर अच्छी तरह मिला लें। अब खीर को धीमी आंच पर पकने दें। इस दौरान बीच-बीच में चम्मच से चलाते रहें, ताकि दूध बर्तन के तले में चिपके नहीं और खीर नीचे से जलने न पाए।

जब दूध थोड़ा गाढ़ा होने लगे, तो चम्मच की मदद से चावल को हल्का-सा मैश कर लें। इससे खीर को मलाईदार बनावट मिलेगी। अब इसमें चीनी और आधा कप कंडेंस्ड मिल्क डालकर अच्छी तरह मिला दें। ध्यान रखें कि कंडेंस्ड मिल्क पहले से मीठा होता है, इसलिए चीनी अपनी पसंद के अनुसार ही डालें। सभी चीजों को मिलाकर कुछ देर धीमी आंच पर पकने दें।

केसर और सूखे मेवों से बढ़ेगा स्वाद

अब एक छोटी कटोरी में थोड़ा गुनगुना दूध लें और उसमें आधा छोटा चम्मच केसर डालकर कुछ देर के लिए भिगो दें। जब केसर अपना रंग और खुशबू दूध में छोड़ दे, तो इस मिश्रण को खीर में डालकर अच्छी तरह मिला दें। इससे खीर का रंग हल्का सुनहरा हो जाएगा और उसमें केसर की शानदार खुशबू आने लगेगी।

इसके बाद बादाम, काजू और पिस्ता को छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इन कटे हुए सूखे मेवों को खीर में डालें। साथ ही किशमिश और इच्छानुसार चिरौंजी भी मिला दें। सभी सामग्री को अच्छी तरह मिलाकर खीर में एक उबाल आने दें। इससे सूखे मेवों का स्वाद खीर में अच्छी तरह घुल जाएगा।

जब खीर मनचाही गाढ़ी हो जाए, तो गैस बंद कर दें। आखिर में चार हरी इलायची का पाउडर और आधा छोटा चम्मच जायफल पाउडर डालकर अच्छी तरह मिला लें। आपकी स्वादिष्ट और खुशबूदार शाही केसर खीर तैयार है।

इस तरह करें सर्व और पाएं वाहवाही

तैयार केसर खीर को आप अपने भाई को गर्मागर्म परोस सकती हैं। अगर आपको ठंडी खीर पसंद है, तो इसे कुछ देर सामान्य तापमान पर ठंडा होने दें और फिर फ्रिज में रख दें। परोसते समय ऊपर से थोड़े कटे हुए बादाम, पिस्ता और केसर के रेशे डालकर सजाएं। इससे खीर देखने में भी बेहद आकर्षक लगेगी।

इस भाई दूज पर अपने भाई के लिए बाजार से मिठाई लाने के बजाय घर पर बनी शाही केसर खीर तैयार करें। दूध की मलाईदार मिठास, केसर की खुशबू और सूखे मेवों का स्वाद इस त्योहार को और भी खास बना सकता है। आखिर भाई-बहन के रिश्ते में प्यार के साथ अपने हाथों से बनाई गई मिठाई का स्वाद भी कुछ अलग ही होता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles