नई दिल्ली के प्रगति मैदान में आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में इस बार हरियाणा पवेलियन एक विशेष पहल को लेकर चर्चा में है। यहां पहली बार अलग से एक्सपोर्ट कॉर्नर तैयार किया गया है, जहां प्रदेश में निर्मित और विदेशों में निर्यात किए जाने वाले विभिन्न उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य हरियाणा के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना और उनके उत्पादों को वैश्विक स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्यात बढ़ाने के आह्वान के तहत इस बार मेला प्रशासन ने सभी राज्यों से अपने पवेलियन में अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मांग वाले निर्यात उत्पादों को प्रदर्शित करने का अनुरोध किया था। इसी सुझाव को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशानुसार हरियाणा पवेलियन में विशेष एक्सपोर्ट कॉर्नर तैयार किया गया है। हरियाणा पवेलियन के निदेशक अनिल चौधरी ने बताया कि यह पहल प्रदेश के उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों के सामने अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान कर रही है।
इस एक्सपोर्ट कॉर्नर की सबसे खास बात यह है कि यहां केवल उत्पादों को प्रदर्शित नहीं किया गया है, बल्कि प्रत्येक उत्पाद के साथ उसके निर्माता और उत्पादक की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है। हरियाणा के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के उपनिदेशक रमनदीप ने बताया कि यदि कोई देशी या विदेशी खरीदार किसी उत्पाद में रुचि दिखाता है, तो वह सीधे संबंधित उत्पादक से संपर्क कर सकता है। इससे खरीदारों और निर्माताओं के बीच बिना किसी बिचौलिए के बातचीत का रास्ता खुलेगा।
इस व्यवस्था से प्रदेश के छोटे और मध्यम उद्यमियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है। अक्सर छोटे उद्योगों के सामने अपने उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने और विदेशी खरीदारों से संपर्क स्थापित करने की चुनौती रहती है। ऐसे में यह कॉर्नर उन्हें अपने उत्पादों की जानकारी सीधे संभावित ग्राहकों तक पहुंचाने का मंच उपलब्ध करा रहा है। इससे भविष्य में नए व्यापारिक संपर्क और निर्यात के आदेश मिलने की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
एक्सपोर्ट कॉर्नर में हरियाणा की औद्योगिक विविधता की झलक देखने को मिल रही है। यहां तांबे से बने उत्पाद, तैयार कपड़े, कागज के टैग, फुटबॉल, चमड़े की जैकेट, योगा मैट, दीवार पर लगाए जाने वाले फ्रेम, चिकित्सा किट, भवन निर्माण में इस्तेमाल होने वाले तार, नीम से बने उत्पाद, बिजली के स्विच और फर्श से संबंधित सामग्री प्रदर्शित की गई है।
इन उत्पादों के माध्यम से प्रदेश के अलग-अलग उद्योगों की क्षमता को सामने लाने का प्रयास किया गया है। खेल सामग्री से लेकर फैशन, स्वास्थ्य, निर्माण और घरेलू उपयोग से जुड़े उत्पादों तक हरियाणा के निर्माताओं का काम यहां देखने को मिल रहा है। व्यापार मेले में आने वाले देशी और विदेशी आगंतुक इन उत्पादों को देखकर उनकी जानकारी भी प्राप्त कर रहे हैं।
उपनिदेशक रमनदीप के अनुसार, एक्सपोर्ट कॉर्नर का मुख्य उद्देश्य हरियाणा के उत्पादों को वैश्विक बाजार में मजबूत पहचान दिलाना और प्रदेश के निर्यात कारोबार को बढ़ावा देना है। इस पहल के जरिए उत्पादकों को संभावित खरीदारों से सीधे बातचीत करने का अवसर मिल रहा है। अब देखना होगा कि इस मंच के माध्यम से प्रदेश के उद्यमियों को कितने नए व्यापारिक अवसर मिलते हैं और हरियाणा के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कितनी नई पहचान बना पाते हैं।


