दिल्ली में शादियों का सीजन अब लोगों के लिए ट्रैफिक की परेशानी बढ़ाने वाला है। शुक्रवार को दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में शादी समारोहों के चलते सड़कों पर भारी जाम लगने की आशंका जताई गई है। खास बात यह है कि इन आयोजनों में करीब आठ हजार मेहमानों के पहुंचने की संभावना है, जबकि तीन हजार पांच सौ से चार हजार तक अतिरिक्त गाड़ियां सड़कों पर उतर सकती हैं। ऐसे में अगर आप शुक्रवार को दक्षिणी दिल्ली की ओर जाने की योजना बना रहे हैं, तो घर से निकलने से पहले यह खबर जरूर जान लीजिए।
दिल्ली यातायात पुलिस ने संभावित भीड़ और वाहनों के दबाव को देखते हुए यातायात परामर्श जारी किया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे प्रभावित रास्तों से बचने की कोशिश करें, यात्रा के लिए मेट्रो का इस्तेमाल करें और अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें।
यातायात पुलिस के अनुसार, शादी समारोहों के आयोजन एसएसएन मार्ग, जिसे भाटी माइंस रोड भी कहा जाता है, बांध रोड, मंडी रोड और एमजी रोड पर होने हैं। एक ही दिन में कई बड़े समारोह होने के कारण इन मार्गों पर वाहनों की संख्या अचानक बढ़ सकती है। इससे सामान्य यातायात प्रभावित होने और वाहन चालकों को लंबे जाम का सामना करना पड़ सकता है।
स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए यातायात पुलिस ने इन इलाकों में पर्याप्त संख्या में जवानों की तैनाती करने का फैसला किया है। पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर यातायात को व्यवस्थित करने के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।
ऐसे में दक्षिणी दिल्ली के इन इलाकों से गुजरने वाले लोगों को सलाह दी गई है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बना लें। खासकर कार्यालय जाने वाले लोगों, विद्यार्थियों और जरूरी काम से बाहर निकलने वालों को अतिरिक्त समय लेकर चलना चाहिए। शुक्रवार को इन रास्तों पर जाने से पहले यातायात की स्थिति की जानकारी लेना भी समझदारी होगी।


