जिस वीडियो गेम का पूरी दुनिया में बेसब्री से इंतजार किया जा रहा था, उसे बनाने में भारत के डेवलपर्स ने भी बड़ी भूमिका निभाई है। खास बात यह है कि इस गेम को तैयार करने वाली टीम में भारतीय डेवलपर्स की संख्या अमेरिका से भी ज्यादा बताई जा रही है। हम बात कर रहे हैं दुनिया के चर्चित वीडियो गेम ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6 यानी जीटीए 6 की। इस गेम को अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने तैयार किया है, लेकिन इसकी विकास यात्रा में भारत के बेंगलुरु शहर का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। सामने आए आंकड़ों के मुताबिक, करीब 1,615 भारतीय डेवलपर्स ने इस गेम पर काम किया है, जबकि अमेरिका के लगभग 1,441 डेवलपर्स के नाम सामने आए हैं।
दरअसल, जीटीए 6 को बनाने में दुनिया भर के करीब 6,000 डेवलपर्स के योगदान की जानकारी सामने आई है। इनमें भारत पहले स्थान पर बताया जा रहा है। इसके बाद अमेरिका के 1,441, स्कॉटलैंड के 1,398, इंग्लैंड के 1,208 और कनाडा के 267 डेवलपर्स का नाम सामने आया है। हालांकि, रॉकस्टार गेम्स ने अलग-अलग देशों के डेवलपर्स की आधिकारिक संख्या सार्वजनिक नहीं की है। इसलिए इन आंकड़ों को रिपोर्ट के आधार पर सामने आए अनुमान के रूप में देखा जाना चाहिए।
इस पूरे मामले में सबसे खास भूमिका बेंगलुरु स्थित रॉकस्टार इंडिया के स्टूडियो की बताई जा रही है। यहां की टीम ने गेम की विशाल दुनिया तैयार करने, अलग-अलग स्थानों के वातावरण बनाने और डिजिटल संपत्तियों के निर्माण में योगदान दिया। गेम में दिखाई देने वाले कई स्थानों और वातावरण को विकसित करने में भी भारतीय प्रतिभाओं की भूमिका बताई गई है।
इस कहानी का एक और दिलचस्प पहलू ध्रुवा इंटरएक्टिव से जुड़ा है। इसकी शुरुआत वर्ष 1995 में राजेश राव ने बेंगलुरु में महज एक कंप्यूटर के साथ की थी। धीरे-धीरे यह कंपनी गेम विकास के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाने लगी। इसके बाद वर्ष 2019 में रॉकस्टार गेम्स ने ध्रुवा इंटरएक्टिव का अधिग्रहण कर लिया। इसी के साथ भारतीय गेम डेवलपर्स को दुनिया की बड़ी गेमिंग कंपनी के साथ काम करने का और बड़ा अवसर मिला।
बेंगलुरु की यह टीम पहले भी कई अंतरराष्ट्रीय गेमिंग परियोजनाओं में योगदान दे चुकी है। फोर्जा मोटरस्पोर्ट, ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 5 और रेड डेड रिडेम्पशन 2 जैसे चर्चित गेम्स से जुड़े काम में भी भारतीय डेवलपर्स की भागीदारी रही है। इससे साफ होता है कि भारत की प्रतिभाएं अब केवल मोबाइल एप्लीकेशन और सामान्य सॉफ्टवेयर तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दुनिया के बड़े और जटिल वीडियो गेम बनाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।
गौरतलब है कि जीटीए 6 को 19 नवंबर 2026 को दुनिया भर में जारी कर दिया गया है। यह गेम प्लेस्टेशन 5 और एक्सबॉक्स सीरीज एक्स तथा एस पर उपलब्ध कराया गया है। गेम की कहानी काल्पनिक अमेरिकी राज्य लियोनिडा और वाइस सिटी की पृष्ठभूमि पर आधारित है। इसमें जेसन और लूसिया नाम के दो प्रमुख किरदारों की कहानी दिखाई गई है। लंबे इंतजार के बाद इसकी शुरुआत ने गेमिंग की दुनिया में काफी उत्साह पैदा किया है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि इस उपलब्धि से भारत के गेमिंग उद्योग की वैश्विक क्षमता भी सामने आई है। हालांकि, भारतीय डेवलपर्स का किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय गेम में योगदान देना और भारत की अपनी गेमिंग कंपनी का ऐसा विश्वस्तरीय गेम तैयार करना दो अलग-अलग बातें हैं। अब भारतीय गेमिंग उद्योग के सामने अपनी खुद की बड़ी गेमिंग फ्रेंचाइजी विकसित करने की चुनौती भी है।
इस तरह जीटीए 6 की सफलता की कहानी में बेंगलुरु के भारतीय डेवलपर्स का योगदान एक महत्वपूर्ण अध्याय बन गया है। जिस गेम को पूरी दुनिया में अमेरिकी कंपनी की पहचान के रूप में देखा जा रहा है, उसके निर्माण में भारतीय प्रतिभाओं ने भी अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।


