आज के समय में स्मार्टफोन हमारी जिंदगी का सबसे अहम हिस्सा बन चुका है। बैंकिंग से लेकर सोशल मीडिया, यूपीआई पेमेंट, ओटीटी और ऑफिस के काम तक लगभग हर चीज मोबाइल एप्स के जरिए हो रही है। लेकिन इसी सुविधा के बीच अब एक बड़ा साइबर खतरा तेजी से बढ़ रहा है। कई फेक और खतरनाक मोबाइल एप्स यूजर्स का पर्सनल डाटा, पासवर्ड और बैंकिंग जानकारी चोरी कर रहे हैं।
साइबर एक्सपर्ट्स लगातार लोगों को ऐसे एप्स से सावधान रहने की सलाह दे रहे हैं, जो देखने में उपयोगी लगते हैं लेकिन अंदर ही अंदर आपके मोबाइल की जासूसी करते रहते हैं। खासतौर पर कीबोर्ड एप, फ्री एंटीवायरस एप, फ्लैशलाइट एप और क्लीनर एप सबसे ज्यादा खतरनाक माने जा रहे हैं।
सबसे पहले बात करते हैं कीबोर्ड एप्स की। आजकल लोग मोबाइल को स्टाइलिश बनाने के लिए अलग-अलग डिजाइन और थीम वाले कीबोर्ड डाउनलोड करते हैं। लेकिन कई फेक कीबोर्ड एप्स आपके फोन में टाइप होने वाली हर चीज रिकॉर्ड कर सकते हैं। यानी आपका बैंकिंग पासवर्ड, यूपीआई पिन, सोशल मीडिया लॉगिन और निजी मैसेज तक चोरी हो सकते हैं। इसलिए केवल भरोसेमंद और आधिकारिक कीबोर्ड एप्स का ही इस्तेमाल करना चाहिए।
इसके अलावा फ्री एंटीवायरस एप्स भी बड़ा खतरा बनते जा रहे हैं। खासतौर पर वे एप्स जो एपीके फाइल के जरिए डाउनलोड किए जाते हैं। कई नकली एंटीवायरस एप खुद वायरस की तरह काम करते हैं और यूजर के फोन का पूरा डाटा एक्सेस कर लेते हैं। ये एप्स फोन की परमिशन लेकर कॉन्टैक्ट्स, फोटो, बैंकिंग डिटेल और लोकेशन जैसी संवेदनशील जानकारी चोरी कर सकते हैं।
फ्लैशलाइट एप्स भी साइबर ठगी का एक नया तरीका बन चुके हैं। ज्यादातर स्मार्टफोन में पहले से टॉर्च फीचर मौजूद होता है, लेकिन इसके बावजूद लोग अलग-अलग फ्लैशलाइट एप डाउनलोड कर लेते हैं। कई फेक एप्स जरूरत से ज्यादा परमिशन मांगते हैं और फोन का डाटा चुराने का काम करते हैं।
इसी तरह क्लीनर एप्स भी यूजर्स के लिए खतरा बन सकते हैं। कई लोग मोबाइल की स्पीड बढ़ाने और स्टोरेज खाली करने के लिए क्लीनर एप्स इंस्टॉल करते हैं। जबकि आज के ज्यादातर स्मार्टफोन में यह फीचर पहले से मौजूद होता है। फेक क्लीनर एप्स मोबाइल का डाटा एक्सेस कर सकते हैं और यूजर्स की निजी जानकारी साइबर अपराधियों तक पहुंचा सकते हैं।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि किसी भी एप को डाउनलोड करने से पहले उसकी रेटिंग, रिव्यू और डेवलपर की जानकारी जरूर जांचनी चाहिए। हमेशा Google Play Store या Apple App Store जैसे आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही एप डाउनलोड करें। किसी अनजान लिंक या एपीके फाइल से एप इंस्टॉल करना बेहद खतरनाक साबित हो सकता है।
अगर आपके फोन में ऐसे संदिग्ध एप्स मौजूद हैं तो उन्हें तुरंत अनइंस्टॉल कर दें। साथ ही फोन की परमिशन सेटिंग्स की जांच करें और जिन एप्स को जरूरत से ज्यादा एक्सेस मिला है, उनकी परमिशन हटा दें।
सावधानी ही साइबर ठगी से बचने का सबसे बड़ा तरीका है। छोटी सी लापरवाही आपके बैंक अकाउंट और निजी डाटा को खतरे में डाल सकती है।


