फुटबॉल विश्व कप 2026 का रोमांच शुरू होने वाला है और टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सभी की नजरें सह-मेजबान मैक्सिको पर टिकी होंगी। लेकिन इस बार सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि एक ऐसा रिकॉर्ड भी दांव पर होगा जो दशकों से मैक्सिको का पीछा कर रहा है।
विश्व कप के ओपनिंग डे यानी पहले दिन खेले गए मुकाबलों में मैक्सिको का रिकॉर्ड बेहद निराशाजनक रहा है। आंकड़ों के मुताबिक, टीम ने अपने पिछले सात उद्घाटन मुकाबलों में एक भी जीत दर्ज नहीं की है। इनमें पांच मैचों में हार मिली, जबकि दो मुकाबले ड्रॉ रहे। ऐसे में फुटबॉल विश्व कप 2026 का पहला मैच मैक्सिको के लिए इतिहास बदलने का सुनहरा अवसर बन गया है।
मैक्सिको गुरुवार को अपने घरेलू मैदान पर दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ मैदान में उतरेगा। खास बात यह है कि यह मुकाबला 2010 फीफा विश्व कप के उद्घाटन मैच की याद दिलाता है, जब दक्षिण अफ्रीका और मैक्सिको के बीच जोहानिसबर्ग में खेला गया मुकाबला 1-1 की बराबरी पर समाप्त हुआ था।
मैक्सिको के मुख्य कोच जेवियर एग्वायरे ने भी टीम के इस खराब रिकॉर्ड को लेकर प्रतिक्रिया दी है। एज्टेका स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है जब इस नकारात्मक सिलसिले को खत्म किया जाए। उन्होंने कहा कि उन्हें इस रिकॉर्ड की पूरी जानकारी नहीं थी, लेकिन अब वह खिलाड़ियों को इसके बारे में बताएंगे ताकि वे अतिरिक्त प्रेरणा के साथ मैदान में उतरें।
एग्वायरे ने कहा कि यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं बल्कि इतिहास बदलने का मौका है। उनके अनुसार यदि टीम जीत दर्ज करती है तो यह पल वर्षों तक याद रखा जाएगा।
मैक्सिको के लिए राहत की बात यह है कि टीम शानदार फॉर्म में विश्व कप में प्रवेश कर रही है। जेवियर एग्वायरे के नेतृत्व में टीम पिछले सात मुकाबलों से अजेय रही है। मैक्सिको को अपनी पिछली हार नवंबर महीने में पैराग्वे के खिलाफ झेलनी पड़ी थी। इसके बाद से टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है।
मैक्सिको के कोच जेवियर एग्वायरे का विश्व कप से विशेष जुड़ाव भी रहा है। उन्होंने 1986 में अपने देश में आयोजित विश्व कप में खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लिया था। उस टूर्नामेंट में मैक्सिको ने क्वार्टर फाइनल तक का सफर तय किया था और अपने प्रदर्शन से दुनिया का ध्यान आकर्षित किया था।
अगर इतिहास पर नजर डालें तो मैक्सिको 1930, 1950, 1954, 1958 और 1962 विश्व कप में अपने शुरुआती मुकाबले हार चुका है। वहीं 1970 और 2010 में टीम उद्घाटन मैच जीतने में सफल नहीं हो पाई और मुकाबले ड्रॉ रहे। यही वजह है कि इस बार टीम पर रिकॉर्ड बदलने का अतिरिक्त दबाव रहेगा।
फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह मुकाबला बेहद खास होने वाला है। एक ओर घरेलू दर्शकों का समर्थन होगा, तो दूसरी ओर दशकों पुराने रिकॉर्ड को तोड़ने की चुनौती। अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या मैक्सिको अपने खराब इतिहास को पीछे छोड़कर जीत के साथ विश्व कप 2026 की शुरुआत कर पाता है या नहीं।


