धड़कपुर में फिर मचने वाला है बवाल! मोबाइल टावर, अंधविश्वास और निरहुआ की एंट्री से ‘दुपहिया’ सीजन 2 में आने वाला है जबरदस्त हंगामा। आखिर इस बार गांव में ऐसा क्या होने वाला है, जो सबकी मुश्किलें बढ़ा देगा?
प्राइम वीडियो की चर्चित वेब सीरीज ‘दुपहिया’ अपने दूसरे सीजन के साथ वापसी कर रही है। ट्रेलर में एक बार फिर काल्पनिक गांव धड़कपुर की दुनिया दिखाई गई है, जहां कभी अपराध-मुक्त गांव होने का दावा किया जाता था। लेकिन इस बार पूर्व सरपंच बनवारी झा की बंजर जमीन पर मोबाइल टावर लगाए जाने की तैयारी नई मुसीबत खड़ी कर देती है।
टावर की खबर सामने आते ही गांव में अफवाहों और अंधविश्वास का माहौल बनने लगता है। देखते ही देखते यह मामला पूरे गांव में चर्चा और अफरा-तफरी का कारण बन जाता है। अब सवाल है कि धड़कपुर के लोग इस नई परेशानी से कैसे निपटेंगे?
वहीं, रोशनी अपनी एसएससी परीक्षा की तैयारी में जुटी है और अमावस भी उसके साथ है। एक तरफ पढ़ाई और भविष्य की चिंता है, तो दूसरी तरफ गांव की नई मुश्किलें। ऐसे में कहानी में कई नए मोड़ देखने को मिल सकते हैं।
नए सीजन में गजराज राव बनवारी झा, रेणुका शहाणे पुष्पलता और स्पर्श श्रीवास्तव भूगोल के किरदार में लौट रहे हैं। इस बार भोजपुरी स्टार निरहुआ की एंट्री भी चर्चा में है, जो कहानी में नया रंग जोड़ सकती है।
निर्देशक सोनम नायर ने कहा कि पहले सीजन को दर्शकों से मिले प्यार ने दूसरे सीजन की वापसी को खास बनाया है। गजराज राव के मुताबिक, छोटे शहर की जिंदगी, रिश्ते और रोजमर्रा की परेशानियां ही इस सीरीज को दर्शकों से जोड़ती हैं। रेणुका शहाणे और स्पर्श श्रीवास्तव ने भी नए सीजन में अपने किरदारों के नए पहलुओं और नई चुनौतियों को लेकर उत्साह जताया है।
‘दुपहिया’ सीजन 2 का निर्देशन सोनम नायर ने किया है। इसका निर्माण बॉम्बे फिल्म कार्टेल एलएलपी के तहत किया गया है। सीरीज 1 अक्टूबर को प्राइम वीडियो पर रिलीज होने वाली है।
अब देखना होगा कि मोबाइल टावर को लेकर शुरू हुआ विवाद धड़कपुर में क्या-क्या करवाता है। क्या गांव वाले इस नई मुसीबत से बाहर निकल पाएंगे, या इस बार अफरा-तफरी और भी बढ़ने वाली है? इसका जवाब मिलेगा ‘दुपहिया’ के दूसरे सीजन में।


