कोलकाता के मशहूर साल्ट लेक स्टेडियम में शनिवार को भारत और ब्राजील के बीच खेले गए बहुप्रतीक्षित दोस्ताना फुटबॉल मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक दर्शकों की भीड़ नहीं दिखाई दी। पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील और स्टार खिलाड़ी विनिसियस जूनियर को देखने के लिए बड़ी संख्या में फुटबॉल प्रेमियों के पहुंचने की उम्मीद थी, लेकिन मैच शुरू होने के समय स्टेडियम की दर्शक दीर्घाओं का बड़ा हिस्सा खाली नजर आया।
मैच की शुरुआत के समय स्टेडियम में 30 हजार से भी कम दर्शक मौजूद दिखाई दिए। हालांकि मुकाबला आगे बढ़ने के साथ धीरे-धीरे दर्शकों की संख्या बढ़ती गई और कई सीटें भरने लगीं। फिर भी जिस तरह की भीड़ साल्ट लेक स्टेडियम में बड़े फुटबॉल मुकाबलों के दौरान देखने को मिलती है, वैसा नजारा इस मैच की शुरुआत में नहीं दिखा।
साल्ट लेक स्टेडियम कोलकाता के फुटबॉल जुनून के लिए जाना जाता है। मोहन बागान और ईस्ट बंगाल के बीच होने वाले मुकाबलों में यहां हजारों दर्शक पहुंचते हैं। कोलकाता डर्बी के दौरान स्टेडियम में करीब 50 हजार दर्शकों की भीड़ आम बात मानी जाती है। प्रशंसक क्लब के गीत गाते हैं, ढोल बजाते हैं और अपनी-अपनी टीम के समर्थन में पूरे स्टेडियम को नारों से भर देते हैं।
पिछले दिसंबर में लियोनेल मेस्सी के कोलकाता दौरे के दौरान भी स्टेडियम में बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे। ऐसे में ब्राजील जैसी विश्व चैंपियन टीम और विनिसियस जूनियर की मौजूदगी वाले मुकाबले में खाली सीटों का दिखाई देना चर्चा का विषय बन गया।
इसकी कई वजहें सामने आ रही हैं। सबसे बड़ी वजहों में टिकटों की ऊंची कीमत और दुर्गा पूजा की तैयारियों को माना जा रहा है। कोलकाता में इस समय दुर्गा पूजा की तैयारियां जोरों पर हैं और ऐसे में कई प्रशंसकों के लिए लगातार दो अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल मैचों पर बड़ी रकम खर्च करना आसान नहीं था।
मैच शुरू होने से कुछ घंटे पहले तक ऑनलाइन टिकट प्लेटफॉर्म पर कई सीटें उपलब्ध थीं। कुछ टिकटों की कीमत 3,500 रुपये से लेकर 6,000 रुपये तक बताई गई। डी1 और बी1 ब्लॉक में 3,500 रुपये के टिकट थे, जबकि बी3, डी3 और सी1 ब्लॉक में 5,000 रुपये तथा सी3 और डी2 ब्लॉक में 6,000 रुपये तक के टिकट उपलब्ध थे।
ब्राजील की लोकप्रियता के बावजूद स्टेडियम के बाहर भी ब्राजील के झंडे और जर्सी पहने प्रशंसकों की संख्या भी उम्मीद के मुताबिक नजर नहीं आई। हालांकि कुछ प्रशंसक ब्राजील की जर्सी में पहुंचे तो कई दर्शक भारतीय झंडे के साथ दोनों टीमों का समर्थन करते दिखाई दिए।
टिकटों की बिक्री बढ़ाने के लिए कोलकाता के बड़े फुटबॉल क्लबों के जरिए भी प्रयास किए गए थे। मोहन बागान को 6 हजार टिकट दिए गए थे, लेकिन उसने सिर्फ 90 टिकट बेचने की जानकारी दी। ईस्ट बंगाल को 4 हजार टिकट आवंटित किए गए थे और उसे करीब 400 टिकटों के अनुरोध मिले। इंडियन फुटबॉल एसोसिएशन यानी IFA को 2 हजार टिकट मिले, लेकिन उसकी संबद्ध इकाइयों की तरफ से सिर्फ 24 अनुरोध आने की बात सामने आई। मोहम्मडन स्पोर्टिंग को 3 हजार टिकट आवंटित किए गए थे, हालांकि उसने बिक्री के आंकड़े साझा नहीं किए।
क्लबों और फुटबॉल संगठनों की तरफ से यह भी कहा गया कि ऊंची कीमतों के कारण टिकटों की बिक्री प्रभावित हुई। कुछ अधिकारियों का कहना था कि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपेक्षाकृत सस्ते टिकट उपलब्ध होने के कारण क्लबों को दिए गए महंगे टिकट बेचने में मुश्किल हुई।
अब नजर 6 अक्टूबर को होने वाले भारत और उरुग्वे के दोस्ताना मुकाबले पर है। उरुग्वे भी विश्व फुटबॉल की बड़ी टीमों में शामिल है और उसके खिलाफ मुकाबले को लेकर भी फुटबॉल प्रशंसकों में उत्साह है। लेकिन सवाल यही है कि क्या उस मैच में साल्ट लेक स्टेडियम की सीटें पूरी तरह भर पाएंगी।
भारत और ब्राजील का मुकाबला भले ही ऐतिहासिक माना जा रहा हो, लेकिन शुरुआती दर्शक संख्या ने आयोजकों के सामने टिकट कीमतों और मैच की तारीख को लेकर कई सवाल जरूर खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि भारत-उरुग्वे मुकाबले में दर्शकों की प्रतिक्रिया कैसी रहती है और क्या कोलकाता का फुटबॉल प्रेम एक बार फिर स्टेडियम को पूरी तरह भर देता है।


