मुंबई के कई प्रतिष्ठित क्लबों में खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों के उल्लंघन पाए जाने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। निरीक्षण के दौरान गंभीर अनियमितताएं मिलने पर पांच प्रमुख क्लबों के FSSAI लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं। वहीं, एक अन्य क्लब को बिना वैध लाइसेंस संचालन करने पर तत्काल गतिविधियां बंद करने का निर्देश दिया गया है।
FDA के अनुसार, जांच के दौरान कई संस्थानों में साफ-सफाई, खाद्य भंडारण और खाद्य सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था, जो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट, 2006 के प्रावधानों का उल्लंघन है।
इन क्लबों पर हुई कार्रवाई
FDA द्वारा जिन प्रमुख क्लबों के FSSAI लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उनमें शामिल हैं—
द क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया लिमिटेड
आरके जूहू जिमखाना
द अपर्णा जूहू जिमखाना
MIG क्रिकेट क्लब (बांद्रा ईस्ट)
द विलिंगडन स्पोर्ट्स क्लब
इसके अलावा, मालाड वेस्ट स्थित गोरेगांव स्पोर्ट्स क्लब को बिना वैध लाइसेंस संचालन करते पाए जाने पर तत्काल परिचालन बंद करने का आदेश दिया गया। एक अन्य प्रतिष्ठान को आवश्यक सुधार करने के लिए नोटिस जारी किया गया है।
निरीक्षण में क्या-क्या मिला?
FDA ने बताया कि निरीक्षण के दौरान कई गंभीर खामियां सामने आईं। इनमें—
फूड हैंडलिंग क्षेत्र में कॉकरोच और मक्खियों का प्रकोप
एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री का उपयोग और भंडारण
सड़ी-गली सब्जियां
गंदगी और खराब सफाई व्यवस्था
कोल्ड स्टोरेज में खाद्य पदार्थों पर पानी टपकना
बंद और गंदे ड्रेनेज सिस्टम
पेस्ट कंट्रोल में लापरवाही
खाद्य पदार्थों की उचित लेबलिंग का अभाव
FIFO/FEFO (पहले आया-पहले इस्तेमाल) प्रणाली का पालन न करना
जैसी अनियमितताएं शामिल हैं।
27 जुलाई को चला विशेष निरीक्षण अभियान
FDA के अनुसार, 27 जुलाई को बृहन्मुंबई क्षेत्र में सात खाद्य प्रतिष्ठानों का विशेष निरीक्षण किया गया। जांच के आधार पर पांच संस्थानों के लाइसेंस निलंबित किए गए, एक प्रतिष्ठान का संचालन बंद कराया गया और एक को सुधारात्मक कार्रवाई के लिए नोटिस जारी किया गया।
सुधार के बाद ही मिलेगी अनुमति
FDA ने स्पष्ट किया है कि जिन क्लबों के लाइसेंस निलंबित किए गए हैं, उन्हें निर्धारित सभी कमियों को दूर करना होगा। संबंधित अधिकारियों द्वारा दोबारा निरीक्षण में मानकों का पालन संतोषजनक पाए जाने के बाद ही लाइसेंस बहाल करने पर विचार किया जाएगा।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों से अपील की है कि वे स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करें, ताकि उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से कोई समझौता न हो।


