Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

कालकाजी में 11वीं के छात्र की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या, स्कूल से घर लौटते समय हुआ हमला

राजधानी दिल्ली के कालकाजी इलाके में सोमवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। स्कूल से छुट्टी के बाद घर लौट रहे 11वीं कक्षा के एक छात्र की दिनदहाड़े चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में छात्रों के बीच हुए विवाद के बाद दो से तीन युवकों ने छात्र पर चाकू से हमला किया। हमला करने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल छात्र को तत्काल एम्स ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह वारदात कालकाजी थाना क्षेत्र के डीडीए फ्लैट बी-ब्लॉक स्थित पार्क के पास हुई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सीएटीएस एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सोमवार दोपहर करीब दो बजे इलाके में अचानक शोर-शराबा सुनाई दिया। लोगों ने देखा कि कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे। इसी दौरान दो से तीन युवक वहां से भागते हुए दिखाई दिए। जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो छात्र खून से लथपथ हालत में जमीन पर पड़ा मिला।

स्थानीय निवासी शशि ने बताया कि घटना के बाद इलाके में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि एक स्कूली छात्र पर चाकू से हमला किया गया था। वहीं एक अन्य स्थानीय निवासी मनोज ने बताया कि उनके घर के नीचे कुछ युवकों ने छात्र पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

दिल्ली पुलिस ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हमला किसी पुरानी रंजिश का नतीजा था या फिर छात्रों के बीच हुए किसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया।

फिलहाल पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles