लखनऊ- चारबाग स्टेशन (उत्तर रेलवे) के प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर टिन शेड गिरने से 1 टीटीई समेत 3 लोग बुरी तरह से घायल हो गए। घटना से 6 दिन पहले डीआरएम उत्तर रेलवे सुनील कुमार वर्मा ने खुद मौके पर आरएलडीए की तरफ से किए जा रहे कॉन कोर्स का गहन निरीक्षण किया था। सुरक्षा व्यवस्था में बरती जा रही लापरवाही का मुद्दा भी अधिकारियों में डीआरएम समेत अन्य के सामने उठाया था, लेकिन इसे आरएलडीए के अधिकारियों के साथ में डीआरएम समेत अन्य अधिकारियों की ओर से नजरअंदाज किया गया। इससे 14 दिन पहले लखनऊ जंक्शन (पूर्वोत्तर रेलवे) की छत का हिस्सा गिर गया था।
- सुरक्षा को लेकर कोई ठोस इंतजाम नहीं था।
- निर्माण स्थल की तरफ बैरिकेडिंग नहीं लगाई।
- यात्रियों का प्रवेश वर्जित नहीं किया।
- ग्रीन नेट नहीं लगाया गया।
- निर्माण कर रहे लोगों की सेफ्टी के इंतजाम नहीं थे।
बता दें स्टेशन का रेनोवेशन किया जा रहा है, जिसका डीआरएम उत्तर रेलवे सुनील कुमार वर्मा लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने 6 दिन पहले भी निरीक्षण में रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) के कामों को परखा था। उस दौरान स्टेशन अधिकारियों ने RLDA के अधिकारियों की लापरवाहियां गिनाई थीं।
तुरंत एक्शन, बड़े अधिकारी बच गए
हादसे के कारणों की जांच के लिए मुख्यालय के 3 वरिष्ठ अधिकारियों की एक कमेटी बनाई गई। काम में लापरवाही और ढिलाई के आरोप में ठेकेदार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ उत्तर रेलवे जीएम राजेश पांडेय ने कार्रवाई की। इसमें ईपीसी कॉन्ट्रैक्टर पर 50 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया है। प्रोजेक्ट की निगरानी करने वाली टीम के लीडर को तुरंत इस काम से हटा दिया गया है।
आरएलडीए के प्रोजेक्ट इंजीनियर को तुरंत सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है। लखनऊ डिवीजन के प्रभारी निर्माण सुपरवाइजर को भी सस्पेंड किया गया। इस बीच रेलवे और RLDA अधिकारियों पर कोई एक्शन नहीं हुआ। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या व्यवस्था सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सिर्फ इंजीनियर्स की थी, या फिर आलाधिकारियों की कोई जवाबदेही है?
23 मई को डीआरएम ने किया था निरीक्षण
डीआरएम सुनील कुमार वर्मा ने 23 मई को लखनऊ रेलवे स्टेशन पर निर्माणाधीन एयर कॉन कोर्स के कार्यों का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदाई संस्था के प्रतिनिधियों को निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए थे।
डीआरएम ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताकर निर्माण कार्य के दौरान सभी आवश्यक सावधानियां बरतने पर विशेष जोर देने की बात कही थी। कहा था कि कार्य में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं होना चाहिए तथा निर्माण प्रक्रिया पूरी तरह सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संचालित की जाए।
इसके साथ ही कहा था कि एयर कॉनकोर्स का निर्माण पूर्ण होने के बाद आधुनिक और सुगम सुविधाएं उपलब्ध होगी। साथ ही स्टेशन परिसर में आवागमन अधिक सुव्यवस्थित, आसान और सुविधाजनक हो जाएगा, जिससे यात्रियों को काफी राहत मिलेगी। निरीक्षण के दौरान स्टेशन निदेशक लखनऊ गौरव दीक्षित सहित RLDA और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि भी मौजूद थे।


